उत्तराखंडदेहरादूनराजनैतिक

मसूरी रोड शिव मंदिर पुल का निरीक्षण: सीएम धामी ने दिए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हालिया बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण और वैकल्पिक व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है।

वैली ब्रिज का कार्य तेज

मुख्यमंत्री ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से आवागमन हेतु वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। एक ओर से आवागमन शुरू हो चुका है, जबकि दूसरी ओर से भी शीघ्र ही इसे संचालित करने का लक्ष्य है।

स्थायी पुल 2–3 माह में पूरा करने का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि स्थायी पुल का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी है और इसे आगामी दो से तीन माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण की कई परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, ताकि दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

चारधाम और आदि कैलाश यात्रा को लेकर निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button