पटाखों की फैक्ट्री में बन रहे थे कारतूस! पुलिस की छापेमारी में बड़ा खुलासा।

बिजनौर – ( हीमपुर दीपा ) पटाखा फैक्ट्री की आड़ में कथित रूप से अवैध कारतूस निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने राजस्व विभाग, FSSO और जनपदीय फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम के साथ फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और कारतूस निर्माण से संबंधित सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में मानक से अधिक मात्रा में भंडारित विस्फोटक पदार्थ, निर्मित सुतली बम वाले पटाखे, अवैध रूप से निर्मित एवं अर्धनिर्मित कारतूस तथा कारतूस निर्माण के उपकरण मिले। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पटाखा निर्माण की आड़ में कथित रूप से कारतूस बनाने का काम भी किया जा रहा था। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक पदार्थों के भंडारण और अवैध हथियार एवं कारतूस निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधीक्षक की बाइट भी जारी की गई है।



