रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए सरकार की पहल, परिवहन मंत्री ने बुलाई बैठक

देहरादून। दीपावली के त्योहारी सीजन में उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल के बीच सरकार सक्रिय हो गई है। निगम प्रबंधन के साथ वार्ता विफल रहने के बाद शुक्रवार सुबह से कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। इससे प्रदेश में रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। हड़ताल समाप्त कराने और कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनाने के लिए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने शनिवार को बैठक बुलाई है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (तकनीकी) भूपेश आनंद कुशवाहा की ओर से शुक्रवार शाम जारी पत्र के अनुसार, परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर तीन बजे यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास आर-02 में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन, उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन और उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कर्मचारी संगठनों की ओर से दिए गए मांगपत्रों के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। सभी संगठनों को अधिकतम दो-दो पदाधिकारियों को बैठक में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
वार्ता पर टिकी हड़ताल की आगे की राह
बता दें कि निगम प्रबंधन के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद अब सरकार के स्तर पर वार्ता की पहल की गई है। शनिवार को होने वाली बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बन पाती है या नहीं, इसी पर हड़ताल का भविष्य निर्भर करेगा। यदि वार्ता सफल रहती है तो यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।



