उत्तराखंड में शुक्रवार से रोडवेज बसों का चक्का जाम, बेमियादी हड़ताल पर जाएंगे कर्मचारी

देहरादून। तीन माह के लंबित वेतन के भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर उत्तराखंड में रोडवेज कर्मचारी शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल पर जा रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को परिवहन निगम मुख्यालय में प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। प्रबंध निदेशक रीना जोशी की अध्यक्षता में करीब साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार से प्रदेशभर में कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे और बसों का चक्का जाम रहेगा। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। खासकर लंबी दूरी और मैदानी मार्गों पर बस संचालन पर असर पड़ सकता है।
परिवहन निगम में लंबी दूरी और मैदानी मार्गों समेत करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन यूनियन के सदस्य करते हैं। ऐसे में हड़ताल का सबसे अधिक असर इन्हीं मार्गों पर पड़ने की संभावना है। यात्रियों को बसों की उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दीपावली के त्योहारी सीजन में रोडवेज बसों का संचालन ठप होने की आशंका से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं, दिल्ली में पुरानी बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध के कारण पहले से प्रभावित परिवहन निगम के लिए यह हड़ताल आर्थिक और परिचालन संबंधी चुनौतियां बढ़ा सकती है।



