उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न, गंगोत्री-बदरीनाथ और केदारनाथ में बर्फबारी; मसूरी में बढ़ी ठिठुरन

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के साथ ठंड बढ़ने लगी है। गोमुख ट्रैक और गंगोत्री के आसपास के क्षेत्रों में तेज बर्फबारी हुई है। वहीं, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी गुरुवार सुबह बर्फबारी से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली। दूसरी ओर, मसूरी में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठिठुरन बढ़ गई है।

गंगोत्री से गोमुख तक बर्फ की सफेद चादर बिछने से वादियों का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। गंगोत्री मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है।

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी के बाद मनमोहक नजारे देखने को मिले। बर्फ से ढके धाम को देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु इन खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद करते और सेल्फी लेते दिखाई दिए। हालांकि, बर्फबारी के साथ ही धामों में ठंड भी बढ़ गई है।

मसूरी में बारिश से बढ़ी ठिठुरन, पर्यटन गतिविधियां प्रभावित

पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण शहर में ठंड बढ़ गई है। इसका असर सड़कों पर आवाजाही से लेकर पर्यटन गतिविधियों तक दिखाई दे रहा है। आमतौर पर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली मसूरी में बारिश के चलते रौनक कम नजर आई।

बारिश और ठंड के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटक भी बाहर निकलने से बच रहे हैं। शहर घूमने पहुंचे पर्यटक मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।

नौ जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इसके अलावा 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button