करवाचौथ पर बदला उत्तराखंड का मौसम, कई इलाकों में बारिश; नौ जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में करवाचौथ पर मौसम का मिजाज बदल गया। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि श्रीनगर और कोटद्वार में बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के दस जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की थी। वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ था। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिलने के कारण दिन के तापमान में वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य बना रहा। इसके चलते दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया था। हालांकि, चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नैनीताल समेत संबंधित क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के शेष जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश में तापमान गिरने तथा ठंड बढ़ने की संभावना है।



