उत्तराखंड

उत्तराखंड में अर्नब साइक्लोन का असर, बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में अर्नब साइक्लोन का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में अनेक स्थानों पर, जबकि प्रदेश के शेष जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक से लेकर आमतौर पर बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करने की अपील की है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। काश्तकारों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

गौरतलब है कि बीते रोज प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते ठंड में इजाफा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button