जंगल में मिले पति-पत्नी के शव से मचा हड़कंप।

बिजनौर – प्राप्त जानकारी के अनुसार जलालपुर काजी निवासी देशराज उर्फ छोटे (40) अपनी पत्नी सुषमा (37) के साथ सोमवार सुबह लकड़ी काटने के लिए घर से निकला था। दोनों पिछले कुछ दिनों से इसी इलाके में लकड़ी काटने जा रहे थे। सोमवार को देर शाम तक दंपती घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। जंगल में दरांती और चप्पल मिलने के बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई और पुलिस को सूचना दी गई। रात तक तलाश के बावजूद दंपती का सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह पुलिस और परिजनों ने दोबारा जंगल और गंगा किनारे तलाश शुरू की। इसी दौरान पहले देशराज का शव पेड़ पर मिला। कुछ देर बाद गंगा किनारे झाड़ियों में सुषमा का शव भी बरामद हो गया। शवों की स्थिति को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। देशराज की बहन मोनी ने आरोप लगाया कि उसके भाई और भाभी की हत्या की गई है। उसने सुषमा के साथ आपराधिक वारदात किए जाने की आशंका भी जताई है। वहीं मृतक दंपती की बेटी कशिश का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना का सच सामने लाया जाए। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे हत्या अथवा पति द्वारा पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या किए जाने, दोनों संभावनाओं को लेकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मौके पर पहुंचे एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के शव बरामद हुए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



