वन विभाग कार्यालय से लकड़ी लदा ट्रक छुड़ाने पर बवाल, किसान यूनियन के दो पदाधिकारी गिरफ्तार।

बिजनौर – वन विभाग के रेंज कार्यालय से लकड़ी से भरा ट्रक कथित रूप से जबरन छुड़ाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में भारतीय किसान यूनियन तोमर के जिलाध्यक्ष डॉ. सचिन गुप्ता और युवा विंग के जिलाध्यक्ष अमरकांत शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान मुकदमे में डकैती की धारा भी बढ़ा दी है। वहीं संगठन के प्रदेश प्रभारी समेत 11 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, वनरक्षक मोहित कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। रेंज कार्यालय बिजनौर में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़े जाने के बाद खड़ा कराया गया था। आरोप है कि 5 सितंबर को ट्रक छुड़ाने के लिए भाकियू तोमर से जुड़े पदाधिकारी और अन्य लोग रेंज कार्यालय पहुंचे। वहां ट्रक छोड़ने को लेकर विवाद और हंगामा हुआ। आरोप है कि करीब दो लाख रुपये का जुर्माना जमा कराने की बात कहे जाने के बाद मामला बिगड़ गया और आरोपी कथित रूप से लकड़ी से लदे ट्रक को जबरन छुड़ाकर ले गए। घटना के बाद वन विभाग की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, जिलाध्यक्ष डॉ. सचिन गुप्ता और युवा विंग जिलाध्यक्ष अमरकांत शर्मा समेत कई लोगों को नामजद किया। पुलिस ने दोनों जिलाध्यक्षों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। विवेचना में रोहन ठाकुर, बाबूभाई, आबिद और अकबर ठेकेदार समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रेस वार्ता में एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय और प्रभारी निरीक्षक अवनीत मान समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



