उत्तराखंड

देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, पानीवाला बैंड की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार बनी वजह

देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। उप जिला मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि अत्यधिक बारिश के कारण पानीवाला बैंड पर मार्ग की सुरक्षा के लिए पूर्व में बनाई गई सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। दीवार के क्षतिग्रस्त होने से मार्ग भारी वाहनों के आवागमन के लिए असुरक्षित हो गया है।

लोक निर्माण विभाग ने आशंका जताई है कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी।

आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और पुलिस को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त मार्ग की तत्काल मरम्मत कराकर इसे आमजन की आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, कोतवाली मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली मसूरी को पानीवाला बैंड क्षेत्र में 24 घंटे आवश्यक पुलिस बल तैनात रखने के लिए भी कहा गया है।

भारी बारिश के बीच प्रशासन के इस फैसले से फिलहाल देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। मार्ग की मरम्मत पूरी होने और इसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही प्रतिबंध हटाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button