उत्तराखंड

रामनगर में तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक सवार समेत छह लोग घायल

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि कार ने पहले रामनगर-रानीखेत रोड पर एक बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद तेलीपुरा क्षेत्र में शोक में बैठे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार समेत कई लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक हादसा पांच-छह अक्टूबर की देर रात करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। रामनगर-रानीखेत रोड पर तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कार चालक तेज रफ्तार से तेलीपुरा क्षेत्र की ओर चला गया।

तेलीपुरा में एक परिवार के बुजुर्ग के निधन के बाद परिजन और अन्य लोग घर के बाहर शोक में बैठे हुए थे। इसी दौरान बेकाबू कार वहां बैठे लोगों को अपनी चपेट में लेती हुई आगे निकल गई। हादसे में पांच भाई भी घायल हुए हैं। घायलों के अनुसार तीन लोग स्थानीय स्तर पर उपचार करा रहे हैं, जबकि एक घायल को काशीपुर और एक को रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे में तीन बाइकें भी कार की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा एक अन्य कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घायलों का आरोप है कि हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं और कार की वास्तविक गति कितनी थी। मामले में पुलिस की जांच के बाद हादसे के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button