उत्तराखंड

हरिद्वार में बेकाबू बस ने ऑटो और चार कारों को मारी टक्कर, चालक का हाथ कटा

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका हाथ कटकर अलग हो गया। घायल को जिला अस्पताल से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे खड़ी अन्य कारों को भी टक्कर मारता चला गया।

हादसे में ऑटो समेत चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बताया गया कि हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ, जहां सड़क किनारे कई वाहन खड़े थे। बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी, निवासी सहारनपुर और हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है। बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button