रक्षाबंधन पर डाक विभाग का खास तोहफा, 500 रुपये में राखी के साथ पूजा सामग्री और गिफ्ट

हल्द्वानी। भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए डाक विभाग ने इस बार नया प्रयोग किया है। दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक राखी के साथ पूजा सामग्री और अन्य उपहार पहुंचाने के लिए प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स उपलब्ध कराया गया है।
प्रधान डाकघर हल्द्वानी में उत्तराखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से ये विशेष गिफ्ट बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। 500 रुपये कीमत वाले इस बॉक्स को ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ संदेश के साथ तैयार किया गया है। तीन दिन पहले आए इन बॉक्स में से अब तक आठ की बिक्री हो चुकी है।
गिफ्ट बॉक्स में दो आकर्षक राखियों के साथ अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, पिक्चर पोस्टकार्ड और की-रिंग जैसी चीजें शामिल हैं। इससे बहनों को राखी के साथ पूजा और उपहार की सामग्री अलग से खरीदकर भेजने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
राखियों को सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए डाकघर में 12 रुपये के विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके लिए डाकघर में अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है।
प्रधान डाकघर हल्द्वानी के पोस्टमास्टर चंदन बिष्ट के अनुसार इस वर्ष राखियों के पार्सल की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। रोजाना करीब 700 से 800 राखियां डाक विभाग के माध्यम से भेजी जा रही हैं। इसके साथ ही प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स की मांग भी बढ़ रही है।



