उत्तराखंड

देहरादून में मार्च 2027 से पहले बिजली की सभी लाइनें होंगी अंडरग्राउंड, लाइनमैन की सुरक्षा के लिए भी नई व्यवस्था

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) दूनवासियों को बिजली के तारों की झंझट से राहत देने की तैयारी कर रहा है। निगम ने देहरादून शहर की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने के काम को मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। जिन स्थानों पर इस काम के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां भी जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

इसके साथ ही UPCL ने अपने फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। बिजली लाइन में काम करने वाले लाइनमैन को पोल पर चढ़ने से पहले वीडियो कॉल के जरिए जानकारी देनी होगी। काम पूरा करने के बाद पोल से नीचे उतरने की जानकारी भी वीडियो के माध्यम से देनी होगी। इसके बाद ही बिजली आपूर्ति का शटडाउन वापस लिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य छोटी-सी गलती या लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लाइनमैन की जान की सुरक्षा करना है।

निगम की ओर से कर्मचारियों के हित में भी कई फैसलों पर काम किया जा रहा है। कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन, भत्ते और अन्य जरूरी लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया को समयबद्ध किया जा रहा है। प्रमोशन के लिए चयन प्रक्रिया को भी तय समय में पूरा करने की तैयारी है, ताकि कर्मचारियों को पदोन्नति के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

UPCL के स्टाफ स्ट्रक्चर में संशोधन का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इसमें निगम में चल रही कांट्रेक्चुअल व्यवस्था को खत्म कर नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। स्टाफ स्ट्रक्चर से संबंधित प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा जाएगा।

वहीं कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए निगम ने ‘वित्त, विधि और HR आपके द्वार’ पहल शुरू करने की योजना बनाई है। इसके तहत निगम स्वयं कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। इसका लाभ वर्तमान कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा, ताकि उन्हें पेंशन और अन्य सुविधाओं से संबंधित परेशानियों का सामना न करना पड़े।

UPCL के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने बताया कि फील्ड स्तर पर काम करने वाले कांट्रेक्चुअल कर्मचारियों के इंश्योरेंस के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। कोशिश है कि सभी कर्मचारियों को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

निगम के अनुसार देहरादून में बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम पहले से चल रहा है। अब इसे मार्च 2027 से पहले पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे बिजली के तारों से जुड़ी समस्याओं के साथ बारिश के दौरान होने वाली दिक्कतों को भी कम करने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button