उत्तराखंड

FIR के लिए भी धरना देना पड़े? गांधी पार्क में बैठे माता-पिता, विपक्ष के दबाव के बाद दर्ज हुआ मुकदमा – सिस्टम पर उठे सवाल

धरने, विपक्ष के दबाव और एक हफ्ते की मोहलत के बाद दर्ज हुई जीरो FIR!

देहरादून: एक एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी एक बुजुर्ग माता-पिता को सड़क पर उतरना पड़े, धरना देना पड़े और विपक्ष के नेताओं को साथ खड़ा होना पड़े—तो यह सवाल पूछना बनता है कि हमारी व्यवस्था में शिकायत दर्ज होने की सामान्य प्रक्रिया आखिर कहां अटक जाती है? अंकिता भंडारी के माता-पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और सोनी देवी की तहरीर पर देहरादून के राजपुर थाने में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मगर यह एफआईआर यूं ही नहीं हुई; इसके पीछे पहले दी गई शिकायतों, इंतजार, गांधी पार्क के धरने और विपक्षी दलों की सक्रियता की लंबी कहानी है।

आरोप है कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने अंकिता और उनके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए। शिकायत में इसे मृत्योपरांत अंकिता की गरिमा, निजता और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने तथा परिवार की भावनाओं को आहत करने वाला कदम बताया गया है।

शिकायत देने के बावजूद जब कार्रवाई को लेकर परिवार को संतुष्टि नहीं मिली, तो अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठे। उनके समर्थन में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के नेता आगे आए और पुलिस मुख्यालय व अधिकारियों तक यह मामला दबाव के साथ पहुंचा। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात और आश्वासन के बाद देर शाम राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ।

राजपुर थाने में धारा 173 बीएनएसएस के तहत जीरो एफआईआर (संख्या 004) दर्ज की गई है, जिसमें आईटी एक्ट की धारा 66C व 66D और भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(2) व 79 का उल्लेख है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल हरिद्वार का प्रेस क्लब होने के कारण आगे की जांच के लिए इसे कोतवाली हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।

कागज़ पर केस दर्ज होना या जमीन पर कार्रवाई?

माता-पिता ने चेतावनी दी है कि यदि एक हफ्ते के भीतर एफआईआर पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे गांधी पार्क में पुनः धरना देने के लिए विवश होंगे।

यह पूरा घटनाक्रम एक कड़वी सच्चाई सामने रखता है कि पीड़ित परिवार को अपने हक और कानूनी प्रक्रिया के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए भी धरने और राजनीतिक दबाव का सहारा लेना पड़ता है। एफआईआर दर्ज हो गई है, फाइल हरिद्वार जाने की बात है, लेकिन लोकतंत्र और कानून के राज की असली कसौटी तब होती है जब कार्रवाई किसी धरने या अल्टीमेटम का इंतजार किए बिना, अपने आप और समय पर होती दिखे।

क्या आपको लगता है कि बिना धरने और विपक्ष के दबाव के सिस्टम समय पर सुनवाई करता है?

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button