डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, दो की मौत; पांच घायल, तीन की हालत गंभीर

देहरादून। डोईवाला टोल प्लाजा के पास देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मणिमाई मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन से इको गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इको सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इको गाड़ी देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। इसी दौरान आगे चल रहे लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया। टायर निकलने के बाद लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया और इको गाड़ी से टकरा गया। इसके बाद इको भी लोडिंग वाहन से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि इको में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हर्रावाला चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



