उत्तराखंड

देहरादून में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चेन स्नैचिंग का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा से भाग रहे बदमाश ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, हरबंसवाला बैरियर पर देर रात सघन वाहन चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा सवार युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह चेकिंग प्वाइंट से भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी टी-स्टेट की ओर भागा और इसी दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीली एक्टिवा बरामद की है। प्रारंभिक जांच में एक्टिवा के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला से लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है।

घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button