खटीमा में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार

खटीमा। बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के गुदहट रामनगर सुरस निवासी हिलोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार काम के सिलसिले में खटीमा के खेतलसंडा खाम गांव आया था।
तहरीर के अनुसार, 27 सितंबर को गांव निवासी संजय और उसके भाई सुभाष ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर दोनों आरोपितों ने उसके पिता रोहित के सिर पर चारपाई के डंडे से वार कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर एम्स ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने खेतलसंडा खाम निवासी संजय और सुभाष के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने दोनों आरोपितों को खेतलसंडा खाम स्थित पुराने रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों कहीं भागने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया।
पुलिस टीम में कोतवाल कमल कुमार लुंठी, एसएसआई केसी आर्य, एसआई राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कुलदीप सिंह शामिल रहे।



