चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा छह दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगी उत्तराखंड

देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा 17 नवंबर से छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं। अपने दौरे के दौरान वह कुमाऊं से लेकर देहरादून तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगी। साथ ही भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लेंगी।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह के अनुसार, कुमारी सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसी दिन दोपहर 2 बजे पिथौरागढ़ में हस्ताक्षर अभियान और कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगी।
19 नवंबर को दोपहर 12 बजे वह गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के बेरीनाग में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में संगठनात्मक मजबूती को लेकर बैठक होगी। इसके बाद 21 नवंबर को सुबह 11 बजे थराली में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगी।
वहीं, 22 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगी। कुमाऊं मंडल के दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी थराली से दौरे में शामिल होंगे।
राजेंद्र शाह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा 15 से 20 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी का दौरा करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में शामिल होंगे।



