हरिद्वार में अवैध हथियारों के गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली; चार गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को अलग से पकड़ा गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरोह उत्तर प्रदेश के मेरठ और आसपास के सीमावर्ती इलाकों से अवैध हथियार खरीदकर हरिद्वार में सप्लाई कर रहा था। आरोपी धीरे-धीरे जिले में अपना नेटवर्क मजबूत कर रहे थे। 15 नवंबर को बहादराबाद थाना क्षेत्र में बौंगला तिराहे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए आने वाले हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। मौके पर एक व्यक्ति पैदल और दो लोग मोटरसाइकिल से पहुंचे। पुलिस ने बाइक सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया। पुलिस के मुताबिक, पीछा करने पर मुकुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। चेतावनी के बाद भी दोबारा गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मुकुल पाल के कब्जे से दो पिस्टल और भूपेंद्र के पास से एक देसी तमंचा बरामद हुआ। वहीं, आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद 16 नवंबर को पुलिस ने बढ़ेड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से कुल पांच अवैध पिस्टल, एक देसी तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरोह में मुकुल पाल मेरठ क्षेत्र से अवैध हथियार लाकर हरिद्वार पहुंचाता था, जबकि विशाल कुमार जिले में नेटवर्क को आगे बढ़ा रहा था। मुकुल के खिलाफ पहले भी लूट और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हथियार कहां से खरीदे और किन लोगों को सप्लाई किए। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
* मुकुल पाल, निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ (25 वर्ष)
* भूपेंद्र, निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर (20 वर्ष)
* विशाल कुमार, निवासी बहादराबाद, हरिद्वार (26 वर्ष)
* प्रशांत कुमार, निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर, हरिद्वार (23 वर्ष)



