उत्तराखंड

खटीमा में छठ महापर्व का समापन, सीएम धामी ने व्रती महिलाओं के साथ उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

खटीमा: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा के मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने फलों की डलिया उठाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

छठ पूजा के अंतिम दिन 22 पुल छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सैकड़ों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों ने घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

सीएम धामी ने कहा कि छठ महापर्व जल, सूर्य उपासना और प्रकृति के बेहद करीब है। उन्होंने सूर्य भगवान और छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button