ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस; 6 की मौत की खबर

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में छह लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी रेस्क्यू में जुटे हुए हैं। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा जा रहा है। अब तक चार शवों को खाई से निकाले जाने की जानकारी है।
एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण के अनुसार, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में लगभग 20 लोगों के घायल होने और छह लोगों की मौत की सूचना है। एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
अभी तक मिली घायलों की सूची:
* मोहम्मद वहाब अंसारी, निवासी दुमका, झारखंड।
* राहुल कुमार, निवासी पटना, बिहार।
* अभिषेक, निवासी जसपुर, ऊधमसिंहनगर।
* प्रत्यूष, निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर।
* अर्जुन सौरन, निवासी दुमका, झारखंड।
* बुधन मुर्मू, निवासी दुमका, झारखंड।
* आयरा, निवासी गुवाहाटी, असम।
* नूर जहां, निवासी गुवाहाटी, असम।
* राजकुमार, निवासी दुमका, झारखंड।
* जतिन, निवासी शाहदरा, दिल्ली।
* पंकज नेगी, निवासी रुद्रप्रयाग।
* संतोष कुमार, निवासी जहानाबाद, बिहार।
* वीरेंद्र सिंह, निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।



