
देहरादून में भूमि फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला
देहरादून । देहरादून में जमीनों के फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। धामावाला बाजार निवासी डिंपल बोबल ने राजेश ढोढी एवं उसके सहयोगियों पर उनके लापता पति अमित बोबल की संपत्तियों को फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से हड़पने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल रेंज) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को शिकायत भेजकर कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, उनके पति अमित बोबल 22 जून 2022 को ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए थे। तमाम खोजबीन और प्रयासों के बावजूद उनका आज तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना लक्ष्मण झूला में पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है।
पीड़िता का आरोप है कि पति के लापता होने के बाद उनकी मानसिक रूप से कमजोर और असहाय स्थिति का लाभ उठाकर उनके पति के व्यापारिक परिचित राजेश ढोढी ने भाई जैसा विश्वास जीता। इसी विश्वास की आड़ में आरोपी ने उनसे कोरे कागजों, खाली स्टाम्प पेपरों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर तथा अंगूठे के निशान करवा लिए। इसके अलावा, आरोपी सुरक्षा के बहाने पीड़िता के घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, संपत्ति के मूल दस्तावेज और हस्ताक्षरित बैंक चेक भी अपने साथ ले गया, जिनका अब गलत इस्तेमाल कर विक्रय पत्र और बंधक पत्र पंजीकृत कराने का कुत्सित प्रयास किया गया है।
इस पूरे मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ताओं और कानूनी विशेषज्ञों ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सोशल एक्टिविस्ट श्रीमती सुजाता पॉल ने पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित बंधक पत्र व अनुबंध पत्र के पंजीकरण पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, पीड़िता के अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री ने मांग की है कि पुलिस तत्काल इस मामले में पीड़िता की ओर से एफआईआर दर्ज करे और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे।
डिंपल बोबल ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को सामान्य संपत्ति विवाद मानकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही, हस्ताक्षरित कोरे कागजों और स्टाम्प पेपरों के दुरुपयोग की गहन जांच की जाए, नगदी, जेवरात व मूल संपत्ति के दस्तावेज बरामद कराए जाएं, तथा बालावाला और ग्राम द्वारा स्थित संपत्तियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुर्द-बुर्द होने से रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई की जाए। पीड़िता ने अपने और अपने दोनों बच्चों के लिए जान-माल की पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराने की भी गुहार लगाई है।
पीड़िता और उनके समर्थकों को पूरी उम्मीद है कि महिला सुरक्षा और न्याय के प्रति प्रतिबद्ध धामी सरकार इस मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्हें न्याय दिलाएगी।
संपर्क सूत्र: पीड़िता : डिंपल बोबल मोबाइल नं0: 9997774563



