Uncategorized

देहरादून में जनगणना की तैयारी तेज, 2700 ब्लॉक में बांटा शहर; पहले दिन स्वगणना में उलझे लोग

देहरादून: आपके घर में कितने सदस्य रहते हैं, परिवार के लोग क्या काम करते हैं और घर से जुड़ी दूसरी जानकारियां क्या हैं, जल्द ही इनका ब्योरा जनगणना में दर्ज किया जाएगा। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए देहरादून नगर निगम ने शहर को करीब 2700 ब्लॉक में बांटा है। प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक को लगभग 700 लोगों की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, जनगणना के पहले चरण में सोमवार से स्वगणना यानी खुद अपनी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

नगर निगम के 100 वार्डों में पहले जनगणना के लिए 1927 ब्लॉक बनाए गए थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 2700 कर दी गई है। नगर निगम का मानना है कि इससे कर्मचारियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में जानकारी जुटाने में आसानी होगी। स्वगणना को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए डीएवी और डीबीएस कॉलेज समेत शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में शिविर लगाए जाएंगे। यहां शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई जाएगी। पार्षदों के माध्यम से भी हर वार्ड में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस माह के अंत तक स्वगणना होगी, जबकि दिसंबर में जनगणना का काम शुरू होगा।

सोमवार को मेयर सौरभ थपलियाल ने खुद अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना अभियान की शुरुआत की। मंत्री गणेश जोशी और खजानदास ने भी स्वगणना की। नगर निगम में पिछले एक महीने से कर्मचारियों को जनगणना का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक विभिन्न विभागों के तीन हजार से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। हालांकि, करीब 200 कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। नगर निगम की ओर से संबंधित विभागों को कर्मचारी उपलब्ध कराने के लिए नोटिस भी दिए गए हैं।

पहले दिन स्वगणना में लोगों को आई परेशानी

उत्तराखंड में सोमवार से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होते ही कई लोगों को ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माजरा निवासी खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने बताया कि नाम दर्ज करने के बाद पांच-छह चरणों में पूछे जा रहे करीब 40 सवालों के जवाब देने में परेशानी हुई। उनके अनुसार, नाम, माता-पिता का नाम और जन्मतिथि के अलावा धर्म, बिरादरी और व्यवसाय से जुड़े तकनीकी सवालों को समझना आम लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। उन्होंने पोर्टल के बार-बार बंद होने की समस्या भी बताई।

समाजसेवी एनसी कुलाश्री ने भी स्वगणना की प्रक्रिया को कठिन बताया। उन्होंने कहा कि एक परिवार की जानकारी दर्ज करने में घंटों लग रहे हैं। दस्तावेज अपलोड करने के विकल्प कई बार काम नहीं कर रहे और पोर्टल में भी बार-बार तकनीकी दिक्कत आ रही है। उन्होंने व्यवस्था को सरल बनाने की जरूरत बताई।

सीएम और राज्यपाल ने भी कराई स्वगणना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को सपरिवार स्वगणना कराई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सटीक जनसंख्या आंकड़े जरूरी हैं।

वहीं, जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि स्वगणना के लिए तैयार पोर्टल ठीक से काम कर रहा है। मुख्यमंत्री, राज्यपाल समेत प्रदेश के कई लोगों ने सफलतापूर्वक स्वगणना की है। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में इसमें तेजी आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button