नारायणबगड़ में आवारा कुत्तों का आतंक, दो स्कूली बच्चों समेत चार लोगों को काटा

चमोली। नारायणबगड़ के स्थानीय बाजार में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों और स्कूली बच्चों में दहशत का माहौल है। बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने दो स्कूली बच्चों समेत चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्कूल जा रहे दीपांशु बिष्ट और कुमारी मानवी पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इसके अलावा नेपाली मजदूर प्रकाश और पंती गांव निवासी लक्ष्मी को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी एक आवारा कुत्ते ने चार लोगों को काटकर घायल कर दिया था। हालांकि, जिस कुत्ते ने मंगलवार को हमला किया था, वह बुधवार को बाजार में मृत अवस्था में मिला।
इसके बावजूद बुधवार को एक और आवारा कुत्ते के हमले की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



