खेत में कैद हुआ गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू।

बिजनौर ( नजीबाबाद ) – धनसिनी ग्राम पंचायत के कल्याणपुर गांव में पिछले कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई थी। वन विभाग द्वारा की गई निगरानी के बाद राजकुमार के खेत में लगाया गया पिंजरा सोमवार सुबह गुलदार के फंसने से सफल रहा।सुबह खेत की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने पिंजरे में गुलदार को देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सामाजिक वानिकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर जालपुर स्थित नर्सरी भेज दिया।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी अन्य गुलदारों की मौजूदगी की आशंका है। उन्होंने वन विभाग से आबादी और खेतों के आसपास निगरानी बढ़ाने के साथ अतिरिक्त पिंजरे लगाने की मांग की है। बताया गया कि इससे पहले भी क्षेत्र में तीन गुलदार शावक और चार गुलदार पिंजरे में पकड़े जा चुके हैं।



