उत्तराखंड

कांग्रेस सत्ता में आई तो गैरसैंण बनेगी उत्तराखंड की स्थायी राजधानी: गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोदियाल ने राज्य के मौजूदा हालात, आंदोलनकारियों के सपनों और प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड आज भी शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और जनता के सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस परिकल्पना के साथ अलग राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया था, उसे पूरा करने के लिए केवल प्रयास ही नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य असंभव नहीं, बल्कि पूरी तरह संभव है।

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की जरूरत

गोदियाल ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को उसकी ग्रामसभा के दायरे में रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य हित के बजाय अपने निजी हितों को ध्यान में रखकर किए जा रहे समझौतों से प्रदेश के सम्मान को ठेस पहुंची है।

सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला रही कांग्रेस

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि अपने कारनामों को छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह सरकार के कामकाज को घर-घर तक पहुंचाए और जनता को सच्चाई से अवगत कराए। इसी उद्देश्य से पार्टी ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है।

राज्य स्थापना दिवस पर गोदियाल ने जनता के सामने कांग्रेस का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यदि प्रदेश की जनता का आशीर्वाद मिला तो उत्तराखंड को शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसमें गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button