उत्तराखंड

हल्द्वानी में एफसीआई गोदाम के भीतर बनी मजार ध्वस्त, नगर निगम और प्रशासन की टीम ने की कार्रवाई

हल्द्वानी। हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में टनकपुर रोड स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम के भीतर बनी मजार को शनिवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी नजूल भूमि पर अतिक्रमण कर यह संरचना बनाई गई थी। इसे हटाने के लिए नगर निगम की ओर से करीब दो महीने पहले नोटिस भी चस्पा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में इसे नहीं हटाया गया।

नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि राजपुरा क्षेत्र में टनकपुर रोड पर एफसीआई कार्यालय के बगल में स्थित गोदाम के भीतर मजार बनाई गई थी। जानकारी जुटाने पर पता चला कि गोदाम के निर्माण के समय से ही यह संरचना वहां मौजूद थी। हालांकि, लंबे समय से यहां किसी व्यक्ति की आवाजाही नहीं होने की बात भी सामने आई है।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाई गई संरचना

अधिकारियों के मुताबिक, नगर निगम ने करीब दो महीने पहले नोटिस चस्पा कर नजूल भूमि पर बनी संरचना को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद किसी ने इसे नहीं हटाया। इसके बाद शनिवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

सालों तक क्यों नहीं हुई कार्रवाई?

इस कार्रवाई के बाद एक बड़ा सवाल भी उठ रहा है कि जब सरकारी गोदाम के भीतर वर्षों से यह संरचना मौजूद थी तो अब तक संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की गई। अधिकारियों ने हालांकि स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button