देहरादूनउत्तराखंड

दो मुकदमों में जमानत के बाद जेल से रिहा हुईं उर्मिला सनावर, बाहर आते ही देहरादून पुलिस ने लिया हिरासत में

हरिद्वार। जिला कारागार से शुक्रवार को उर्मिला सनावर की रिहाई हो गई। दो मुकदमों में अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आईं उर्मिला की मुश्किलें हालांकि अभी कम होती नजर नहीं आ रही हैं। जेल की दहलीज से बाहर निकलते ही देहरादून पुलिस की टीम उन्हें अपने साथ ले गई। इसके बाद उन्हें एसओजी कार्यालय पहुंचाया गया, जहां उनसे पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, बीती दो नवंबर को अदालत ने उर्मिला सनावर की जमानत मंजूर कर ली थी, लेकिन जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी रिहाई अटकी हुई थी। इस बीच उनकी अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने दो साल पहले दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी उनकी जमानत कराई। दोनों मुकदमों के जमानती दस्तावेज गुरुवार को न्यायालय में पेश किए गए। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शुक्रवार को रिहाई का परवाना हरिद्वार जिला जेल पहुंचा। जेल प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें रिहा कर दिया।

बताया जा रहा है कि जेल से बाहर निकलते ही वहां पहले से मौजूद देहरादून पुलिस की टीम ने उर्मिला सनावर से संपर्क किया और उन्हें अपने साथ ले गई। पुलिस उन्हें एसओजी कार्यालय लेकर पहुंची, जहां विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। रिहाई के तुरंत बाद हुई इस कार्रवाई से मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है।

उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली में दर्ज दोनों मुकदमे पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने दर्ज कराए थे। उर्मिला की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने उनके जेल से बाहर आने की पुष्टि की है। वहीं, जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार उर्मिला सनावर को रिहा कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button