उत्तराखंड

अमित शाह आज देहरादून में करेंगे पदयात्रा और जनसभा, 1500 करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार, 6 नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल पदयात्रा और जनसभा में शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। अपने दौरे के दौरान गृह मंत्री प्रदेश की 1500 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी करने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम और अन्य तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

परेड ग्राउंड में जुटेंगे 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता

भाजपा की ओर से यह कार्यक्रम ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि देहरादून, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। राज्य स्थापना दिवस के आयोजन के मद्देनजर भी इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। इस राजकीय समारोह में भी गृह मंत्री शामिल होंगे।

पुलिस लाइन और परेड ग्राउंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए दोनों कार्यक्रम स्थलों और वीवीआईपी मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात जवानों को निर्धारित समय से तीन घंटे पहले पहुंचने और अपने साथ पहचान पत्र रखने के निर्देश दिए हैं। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने को भी कहा गया है। वहीं, वीवीआईपी क्षेत्र और आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।

परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन, कई मार्गों पर डायवर्जन

अमित शाह की जनसभा और पुलिस लाइन के कार्यक्रम के साथ धनतेरस की खरीदारी को देखते हुए देहरादून में यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन घोषित किया है। जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहे और लैंसडाउन चौक तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात प्लान जरूर देख लें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

सीएम धामी बोले- अमित शाह का उत्तराखंड से विशेष लगाव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार के स्तर पर राज्य के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

धामी ने बताया कि अमित शाह 6 नवंबर को देहरादून में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राज्य स्थापना दिवस के दृष्टिगत परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद वह पुलिस लाइन में राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के राजकीय समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि गृह मंत्री प्रदेश में 1500 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button