उत्तराखंड

गंगनानी के पास हुआ हादसा, इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे से चारों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंची टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की।

रेस्क्यू अभियान के दौरान नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। टीमों ने शवों को बाहर निकाला। हालांकि, हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अन्य यात्रियों के भी नदी में लापता होने की आशंका के चलते तलाश जारी है।

तेज बहाव और दुर्गम स्थान से रेस्क्यू में चुनौती

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि इनोवा कार के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक नदी किनारे से चार शव बरामद किए गए हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे का स्थान दुर्गम होने और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। टीमें घटनास्थल के आसपास नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button