अमित शाह के कार्यक्रम में बदलाव, पहले पदयात्रा में होंगे शामिल; तेज हुई तैयारियां

देहरादून। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छह नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब शाह पहले परेड ग्राउंड में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद वह रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
भट्ट ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री को पहले पुलिस लाइन में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन अब कार्यक्रम का क्रम बदल दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे और पदयात्रा रैली में शिरकत करेंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाजपा ने तेज की तैयारियां
गृह मंत्री के दौरे और पदयात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून और हरिद्वार समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को रैली और पदयात्रा में लाने की योजना बनाई जा रही है। मंगलवार को महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियों को लेकर बैठकें हुईं।
बैठकों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकें कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने परखी तैयारियां, सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छह नवंबर को परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। शासन के अधिकारी आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक यातायात डायवर्जन
परेड ग्राउंड में छह नवंबर को होने वाली जनसभा के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक विशेष यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



