उत्तराखंड

जॉर्ज एवरेस्ट की जमीन निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, धामी सरकार पर लगाए आरोप

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किए। ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मसूरी स्थित ऐतिहासिक जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि निजी हाथों में सौंपने के फैसले के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने और भूमि आवंटन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है। राज्य गठन के समय जनता ने उम्मीद की थी कि यहां के जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुरक्षित रहेगा और इन संसाधनों का उपयोग प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण के लिए किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी भूमि को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंपकर प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।

गोदियाल ने कहा कि मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी महत्वपूर्ण भूमि को निजी हाथों में सौंपने का फैसला कई सवाल खड़े करता है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि भूमि किस प्रक्रिया के तहत, किन शर्तों पर और किसके हितों को ध्यान में रखकर निजी हाथों में सौंपी गई है।

सरकारी जमीनों के निजीकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की चेतावनी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने मांग की कि जिन जमीनों को निजी हाथों में सौंपा गया है, उन्हें तत्काल सरकार में निहित किया जाए। साथ ही जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि सहित अन्य सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने से संबंधित फैसलों पर पुनर्विचार किया जाए और पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान प्रदेश की जमीन, जंगल और जनहितों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। पार्टी ने सरकारी भूमि के निजीकरण के खिलाफ जनता के साथ मिलकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।

ये नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, उपेंद्र थापली, अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, विधानसभा प्रभारी अमरेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद सोमेंद्र बोहरा, सुनीत राठौड़, सचिव यशपाल चौहान, गौरव अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी, प्रशांत खंडूड़ी, मनीष गुनियाल, सोनिया आनंद, अपून सक्सेना, मेघ सिंह कंडारी, महिला नगर अध्यक्ष जसवीर कौर, महिला महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा और निशांत बोरा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button