उत्तराखंड

रामनगर में पटाखों की चिंगारी से आरा मशीन में लगी भीषण आग, भारी नुकसान

रामनगर। दीपावली पर जलाए गए पटाखों से निकली चिंगारी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में बड़े हादसे की वजह बन सकती थी। चुना भट्टा इलाके में देर रात एक आरा मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते मशीन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में आरा मशीन को भारी नुकसान होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, खताड़ी क्षेत्र के चुना भट्टा इलाके में स्थित आरा मशीन से देर रात अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने आग की भयावहता देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग मुख्य रूप से आरा मशीन में रखे लकड़ी के बुरादे और वेस्टेज में लगी थी। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि, तब तक आरा मशीन को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखों से निकली कोई चिंगारी आरा मशीन तक पहुंचने के कारण आग लगी हो सकती है। आशंका जताई जा रही है कि चिंगारी लकड़ी या वहां रखे अन्य ज्वलनशील सामान तक पहुंची होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फायर अधिकारी गोपाल सिंह रावत ने बताया कि देर रात आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन को तत्काल मौके पर भेजा गया। आग मुख्य रूप से बुरादे और लकड़ी के वेस्टेज में लगी थी। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।

घटना में आरा मशीन को भारी आर्थिक नुकसान होने की सूचना है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर दीपावली के दौरान आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतने और ज्वलनशील सामग्री के आसपास सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को रेखांकित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button