22 साल की सरकारी सेवा के बाद PCS अधिकारी उत्तम कुमार ने लिया VRS, बोले- युवाओं को रोजगार नहीं दिला पाने का मलाल

हरिद्वार। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाने का मलाल जताते हुए वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी उत्तम कुमार ने 22 साल की सरकारी सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले ली है। 47 वर्षीय उत्तम कुमार ने मई में वीआरएस के लिए सरकार को पत्र भेजा था, जिसे राज्य सरकार ने नौ नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वीकार कर लिया। उनके इस फैसले की प्रशासनिक हलकों में चर्चा हो रही है।
उत्तम कुमार लंबे समय तक हरिद्वार समेत प्रदेश के कई जिलों में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर तैनात रहे हैं। वर्तमान में वह पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन में सेवायोजन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। सेवायोजन विभाग में रहते हुए उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार मेले, करियर काउंसलिंग और रोजगार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में काम किया।
फेसबुक पोस्ट में बयां किया अपना दर्द
सरकारी सेवा छोड़ने के बाद उत्तम कुमार ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर रोजगार व्यवस्था को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाने पर गहरा मलाल जताया। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब युवाओं को रोजगार ही नहीं दे पा रहे हैं तो फिर रोजगार अधिकारी बने रहने का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि नए रास्ते और नई मंजिल की ओर बढ़ने के लिए उनका यह फैसला उन्हें हौसला देगा।
उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। लंबे समय तक सेवायोजन विभाग में काम करने वाले अधिकारी का इस तरह सरकारी सेवा छोड़ना और रोजगार व्यवस्था को लेकर अपनी पीड़ा सार्वजनिक करना कई सवाल खड़े कर रहा है।
वीआरएस के बाद राजनीति में जाने की चर्चा
उत्तम कुमार के वीआरएस लेने के बाद प्रदेश में रोजगार व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। खासकर ऐसे समय में जब सरकार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस फैसले ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा है।
हालांकि, वीआरएस के बाद उत्तम कुमार आगे क्या करेंगे, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उनके राजनीति में कदम रखने की चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।



