उत्तराखंड

टिहरी में तेज बारिश से मचा हड़कंप, बिलौंदी पुल बाजार में दुकानों में घुसा पानी; हाईवे रहा बाधित

टिहरी: जिले में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। जौनपुर ब्लॉक के धनोल्टी तहसील क्षेत्र के नौघर गांव में हुई मूसलाधार बारिश से बिलौंदी पुल बाजार में जलभराव और मलबा आने से अफरा-तफरी मच गई।

बारिश का पानी और मलबा बिलौंदी पुल बाजार स्थित कुलवीर सिंह नकचवाल की दुकान और कमरों में घुस गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। दुकान और घर में रखा सामान खराब हो गया।

स्टेट हाईवे रहा अवरुद्ध

तेज बारिश के कारण नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे पर मलबा और पानी भर गया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाया गया, जिसके बाद सड़क को सुचारू किया गया।

मलबा भरने के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और वहां से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी तथा धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी घंटों तक फंसे रहे। बताया गया कि मंत्री उत्तरकाशी दौरे से देहरादून लौट रहे थे।

कई दुकानों में घुसा पानी

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजस्व उप निरीक्षक अब्बुज चौधरी ने बताया कि 15 मई को शाम करीब तीन से चार बजे के बीच क्षेत्र में अचानक तेज बारिश हुई। बरसाती पानी मलबे के साथ बाजार क्षेत्र में घुस गया।

उन्होंने बताया कि बिलौंदी पुल के पास लगभग 10 दुकानों में पानी और मलबा घुसने से नुकसान हुआ है। वहीं जौनपुर क्षेत्र में तेज बारिश के कारण अगलाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया।

प्रशासन ने प्रभावित दुकानदारों को राहत दिलाने और नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button