उत्तराखंड

उर्मिला सनावर की नार्को टेस्ट की मांग पर सुनवाई, गुजरात में होगा टेस्ट

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी के खुलासे को लेकर चर्चा में आईं उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। शुक्रवार को उर्मिला सनावर देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। सुनवाई के दौरान दोनों के टेस्ट को लेकर निर्णय लिया गया। हालांकि, टेस्ट की तारीख अभी निर्धारित नहीं की गई है।

कोर्ट में पेशी के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने खुद को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह अंकिता को न्याय दिलाने के लिए नार्को टेस्ट सहित हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।

पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग

उर्मिला सनावर ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जेल में बंद अंकिता हत्याकांड के दोषी पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नार्को टेस्ट न कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये और गाड़ी देने का प्रस्ताव दिया गया था।

उर्मिला लगातार इस मामले में कथित वीवीआईपी की पहचान उजागर करने की मांग कर रही हैं। उन्होंने पहले भी मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की इच्छा जताई थी। उनका कहना है कि उन्हें सीबीआई पर भरोसा नहीं है और वह चाहती हैं कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच हो।

23 अक्टूबर को दी थी टेस्ट की सहमति

इससे पहले उर्मिला सनावर 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश हुई थीं, जहां उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति दी थी। इसके बाद उन्हें 26 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश होना था, लेकिन पेशी से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

यह गिरफ्तारी ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के आधार पर हुई थी। शिकायत में उर्मिला पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेजा गया था।

अब कोर्ट की सुनवाई के बाद उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के नार्को व पॉलीग्राफ टेस्ट का रास्ता साफ हुआ है। दोनों का टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा, हालांकि इसकी तारीख का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button