उत्तराखंड

हाथी दांतों की सुरक्षा में बड़ी चूक, लालढांग रेंज के दो रेंजर निलंबित

देहरादून। हरिद्वार की लालढांग रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई जांच में रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई थी। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने दोनों रेंजरों के निलंबन की पुष्टि की है।

दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन मौके पर जांच के दौरान इनमें से केवल करीब 10 दांत ही मिले। शेष पांच हाथी दांत गायब पाए गए। मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू की गई। इस मामले में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।

जांच में रिकॉर्ड और रखरखाव में मिली चूक

हाल ही में डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में इस प्रकरण की जांच की गई। जांच रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड, उनकी सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर चूक हुई थी। इसके आधार पर अब दो रेंजरों को निलंबित किया गया है।

गायब हाथी दांतों का वजन अब तक स्पष्ट नहीं

इस मामले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्यजीवों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य होते हैं। ऐसे में विभाग के अपने ही स्टोर से पांच दांतों का गायब होना निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है।

मामले में जांच और एफआईआर की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन गायब हाथी दांतों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इनके कुल वजन की जानकारी भी स्पष्ट नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई निलंबन की कार्रवाई को विभाग के भीतर जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button