अल्मोड़ा में 400 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, मां-बेटी समेत तीन की मौत

अल्मोड़ा। जिले में सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरड़ा के पास एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों हरड़ा गांव के निवासी थे। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
सुबह राहगीरों ने देखी दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो
हादसा देर रात होने के कारण तत्काल इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सुबह करीब नौ बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
400 मीटर गहरी खाई में चला रेस्क्यू अभियान
खाई काफी गहरी होने के कारण बचाव दल को तीनों के शव बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से हरड़ा समेत आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।



