हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा में टिकट की दौड़ तेज, 9 नेताओं ने पेश की दावेदारी

हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त बाकी है, लेकिन टिकट की दावेदारी को लेकर नेताओं ने अभी से अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में हरिद्वार के डामकोठी में भाजपा के पूर्व सांसद और चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया।
बैठक के दौरान कई नेताओं ने हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की और नरेश बंसल को बायोडाटा सौंपे। पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा और संजय सहगल समेत सात नेताओं ने पर्यवेक्षक के सामने अपनी दावेदारी रखी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा पहले ही अपनी इच्छा जता चुके हैं। मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी डामकोठी पहुंचकर नरेश बंसल से मिले। इस तरह हरिद्वार सीट से कुल नौ नेताओं की दावेदारी सामने आई है।
मदन कौशिक भी प्रमुख दावेदार, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा की भी चर्चा
हरिद्वार विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक मदन कौशिक को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने पर्यवेक्षक को बायोडाटा नहीं सौंपा। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा भी पहले अपनी दावेदारी जता चुके हैं, लेकिन उन्होंने भी इस बैठक में बायोडाटा नहीं दिया। वहीं, महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी पेश की है।
कन्हैया खेवड़िया समर्थकों के साथ पहुंचे, किया शक्ति प्रदर्शन
दावेदारी के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया खेवड़िया की सबसे ज्यादा चर्चा रही। वह समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने पर्यवेक्षक नरेश बंसल को बायोडाटा सौंपते हुए संगठन में लंबे समय से किए जा रहे कार्यों और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता का ब्यौरा रखा। समर्थकों की मौजूदगी के जरिए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी मजबूती से रखने की कोशिश की।
मनोज गर्ग ने हरिद्वार और रानीपुर दोनों सीटों से मांगा टिकट
भाजपा के पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार के साथ ही रानीपुर सीट से भी टिकट की दावेदारी पेश की है। उन्होंने नरेश बंसल के सामने दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। मनोज गर्ग ने कहा कि मेयर रहते हुए जिन योजनाओं को वह धरातल पर नहीं उतार पाए, उन्हें विधायक बनने पर क्रियान्वित करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जिसे टिकट देगी, वह उसके साथ खड़े नजर आएंगे।
तीर्थ पुरोहित समाज के नेताओं की भी दावेदारी
हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट मांगने वालों में तीर्थ पुरोहित समाज से जुड़े कई नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। इनमें उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम और कन्हैया खेवड़िया शामिल हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा का नाम भी इस चर्चा में शामिल है, हालांकि उन्होंने इस बार पर्यवेक्षक को बायोडाटा नहीं सौंपा है। समाज से जुड़े नेताओं की दावेदारी भी पार्टी के टिकट चयन को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।
राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण से मांगा टिकट
हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा नेताओं की दावेदारी के बीच संत समाज से भी चुनावी मैदान में उतरने की इच्छा सामने आई है। महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। उन्होंने बताया कि उनके गुरु जगदीश मुनि महाराज पूर्व में दो बार हरिद्वार से विधायक रह चुके हैं। गुरु के बताए रास्ते पर चलते हुए वह हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से मजबूती के साथ चुनाव लड़ना चाहते हैं।
चुनाव पर्यवेक्षक बोले- सभी दावेदारों पर होगा मंथन
बैठक में नरेश बंसल ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्र में संगठन की स्थिति, पार्टी नेताओं की सक्रियता और पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन पर चर्चा की। इसके साथ ही आगामी चुनाव में जनता के बीच उठाए जाने वाले मुद्दों और क्षेत्र में संभावित प्रत्याशियों की पकड़ का फीडबैक भी लिया।
नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा प्रदेश में चुनावी मोड में आ गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में बैठक कर चुनावी स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। हरिद्वार विधानसभा सीट पर कई नेताओं ने दावेदारी पेश की है, जो लोकतंत्र में सभी का अधिकार है। इस पर मंथन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार पूरे प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करेगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी।



