उत्तराखंड

2027 में कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर बनाएगी सरकार, हरीश रावत ने भाजपा पर साधा निशाना

मसूरी: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मसूरी में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, महंगाई और जमीनों की कथित बंदरबांट को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी और कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाएगी।

हरीश रावत ने कहा कि भाजपा पिछले दस वर्षों से मसूरी और धनोल्टी विधानसभा सीटों पर काबिज है, लेकिन इस बार यहां बदलाव देखने को मिलेगा। कांग्रेस इसे चुनौती के रूप में ले रही है। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य प्रदेश में कांग्रेस की वापसी कराना है, न कि किसी पद को हासिल करना। पार्टी हाईकमान उन्हें जो जिम्मेदारी देगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यूसीसी, लव जिहाद और मजार जिहाद जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को प्रदेश की उपलब्धियों के रूप में पेश नहीं किया जा सकता। सरकार को महंगाई, आम आदमी की घटती क्रय शक्ति और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने 210 करोड़ रुपये से जुड़े मामले का भी जिक्र करते हुए इसे जनता के सामने रखने की बात कही।

मसूरी की विकास योजनाओं पर सवाल उठाते हुए हरीश रावत ने कहा कि शहर के लिए पेयजल योजना तैयार की गई थी, लेकिन उसका लोकार्पण आज तक नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि मसूरी में पार्किंग और टाउनहॉल जैसी सुविधाओं का निर्माण उनके कार्यकाल में कराया गया था, जबकि अब भाजपा सरकार उनका लोकार्पण कर रही है। उन्होंने टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कोटद्वार में भी उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया गया था। केवल घोषणाओं से विकास नहीं होता, बल्कि योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए।

अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि वह हरिद्वार की सेवा करना चाहते हैं। खानपुर के लोग भी उनसे लगातार चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाया जा सके। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार ही होगा।

वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान की निंदा करते हुए हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। शक्तिमान मामले पर उन्होंने कहा कि जो भी उसकी मौत के लिए जिम्मेदार है, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। यदि वह स्वयं दोषी हैं तो उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने दोहराया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के कामकाज का जवाब देगी। कांग्रेस का लक्ष्य 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button