उत्तराखंडधर्मपर्यटन

चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष फोकस, ई-स्वास्थ्य पोर्टल से होगी निगरानी, मेडिकल टीम भी रहेगी तैयार

चारधाम यात्रा । चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने इस बार विशेष प्रबंध किए हैं। यात्रा के दौरान प्रत्येक तीर्थयात्री के स्वास्थ्य की ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम मॉनीटरिंग की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और चारों धामों में स्थायी व अस्थायी चिकित्सा इकाइयों को सुदृढ़ किया जा रहा है।

177 एंबुलेंस रहेंगी तैनात

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्गों पर 177 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस विशेष रूप से तैनात की जाएगी, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से होगा।

मेडिकल टीम और स्क्रीनिंग की व्यवस्था

यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, विशेषकर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक उपचार भी दिया जाएगा।

डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती

यात्रा के दौरान 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल अधिकारी और 85 पैरामेडिकल स्टाफ को 15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 100 स्वास्थ्य मित्र भी यात्रा मार्गों पर सेवाएं देंगे, ताकि तीर्थयात्रियों को समय पर सहायता मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button