रुद्रपुर में चाऊमीन ठेले पर विवाद के बाद फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर के रम्पुरा चौकी क्षेत्र में चाऊमीन के ठेले पर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। तीन युवकों ने पहले विक्रेता से कहासुनी की और फिर हमला कर दिया। आरोपियों ने ठेले पर पथराव किया और इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना वार्ड नंबर 22 की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान दो आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे आरोपी को बुधवार को दबोच लिया गया।
चाऊमीन मांगने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित चाऊमीन विक्रेता सोमवीर ने तहरीर में बताया कि रात के समय तीन युवक उसके ठेले पर पहुंचे और चाऊमीन बनाने को कहा। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और ठेले पर पथराव कर दिया। इससे सामान बिखर गया और मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कोली, कमल कोली और अमन पांडे के रूप में की है। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ, जबकि दो अन्य के कब्जे से चाकू मिले हैं। पुलिस के अनुसार संजय कोली और अमन पांडे पहले से वांछित अपराधी बताए जा रहे हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
इलाके में दहशत का माहौल
फायरिंग और पथराव की घटना के बाद वार्ड नंबर 22 में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और कई दुकानों के शटर बंद कर दिए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या नहीं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



