उत्तराखंड

देहरादून के 22 PHC जल्द आयुष्मान योजना से जुड़ेंगे, ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज

देहरादून। जिले के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आयुष्मान कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही चकराता, कालसी, सहसपुर, डोईवाला, रायपुर और विकासनगर ब्लॉक के 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा। शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय की सख्ती के बाद सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारियों को पांच दिन के भीतर इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इन पीएचसी के आयुष्मान योजना से संबद्ध नहीं होने के कारण अभी तक यहां आयुष्मान कार्डधारकों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर भर्ती समेत कई सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जिसके चलते सामान्य मरीजों को भी इलाज के लिए बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है।

आयुष्मान योजना से जुड़ने के बाद इन पीएचसी में ओपीडी के साथ मरीजों को भर्ती करने की सुविधा भी बेहतर होगी। सीएमओ के मुताबिक, इन केंद्रों में एक से चार बेड तक की व्यवस्था है। यहां डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय और सफाई कर्मी भी तैनात हैं। योजना लागू होने के बाद डॉक्टर सामान्य मरीजों के साथ माइनर ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को भी भर्ती कर सकेंगे।

इन 22 पीएचसी में सहसपुर के भगवंतपुर, डोईवाला के भानियावाला, छिद्दरवाला और गुमानीवाला, रायपुर के सरोना और रानीपोखरी, विकासनगर के कटापत्थर, कोटी ढलानी, रुद्रपुर और डाकपत्थर शामिल हैं।

इसी तरह चकराता ब्लॉक के बुलहाड़, मेहरावना, भटाड़, बरोथा, खाबू और कोटी कनासर तथा कालसी ब्लॉक के कालसी, टाइप-ए लखवाड़, टाइप-ए कमला, टाइप-ए पिंगिरी, टाइप-ए बिरमौ और टाइप-ए मुंढान पीएचसी को भी योजना से जोड़ा जाएगा।

सीएमओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इम्पैनलमेंट प्रक्रिया में किसी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजना लागू होने के बाद जिले के दूरस्थ ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के आयुष्मान कार्डधारकों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button