उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; दून-मसूरी हाईवे पर बढ़ी परेशानी

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी देहरादून में गुरुवार को दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई बार हल्की बारिश हुई, जबकि देर रात भी बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, शुक्रवार को उत्तराखंड के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। ऊधमसिंह नगर जिले में मौसम को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

दून में मौसम बदलने के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। देहरादून में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं जौलीग्रांट में 20.5, जखोली में 14.5, मालदेवता में 14, जबकि ऋषिकेश और थलीसैंण में 12.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

दून-मसूरी हाईवे पर लगातार बढ़ रही परेशानी

बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर लगातार मलबा आने और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा धंसने से नए डेंजर जोन बन गए हैं। पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

पानीवाला बैंड क्षेत्र में पहले भी सड़क धंसने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 20 जुलाई को कोल्हूखेत के पास पानीवाला बैंड में सड़क धंसने के साथ दरारें आई थीं। 22 जुलाई को इसी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गया था और पेड़ भी गिर गए थे। इसके बाद कुठालगेट और पानीवाला बैंड के पास हाल में हुए नए धंसाव ने चिंता बढ़ा दी है। तकनीकी टीमें सड़क के धंसे हिस्से का आकलन कर रही हैं।

वाटर प्वाइंट बैंड के पास पुश्ता ढहा

मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार देर रात वाटर प्वाइंट बैंड से पहले सड़क का पुश्ता भी ढह गया। हालांकि इससे यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैरिकेडिंग कर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई।

जेई प्रदीप साही ने बताया कि बारिश के कारण पुराना पुश्ता गिरा है। फिलहाल एक तरफ से यातायात सुचारु रखा गया है। लगातार बारिश के बीच दून-मसूरी मार्ग पर सड़क धंसने और मलबा आने की घटनाओं ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button