शराब-नॉनवेज सेवन के दौरान एक की मौत, तीन गंभीर।

बिजनौर – ( नजीबाबाद ) रेलवे स्टेशन रोड पर गरुवार की रात करीब 10 बजे शराब और नॉनवेज के सेवन से एक की मौत हो गई है। इस दौरान तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार व्यक्ति एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे और नॉनवेज खा रहे थे। इसी दौरान अचानक नौशाद नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद अन्य तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने भी घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस ने घटनास्थल से बीयर और शराब की बोतलें तथा अन्य संबंधित सामान एकत्र कर जांच के लिए भेजा है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद नितेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी नजीबाबाद राहुल सिंह और रेलवे स्टेशन चौकी इंचार्ज एसआई सौरभ कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।



