निजी नर्सिंग होम में हादसा, मासूम की मौत पर हंगामा।
बिजनौर (नजीबाबाद ) – नगर के सराय चौकी क्षेत्र स्थित कृष्णा नर्सिंग होम में हुए दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया तथा अस्पताल परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।बताया जा रहा है कि मोहल्ला पठानपुरा निवासी फैजान का पुत्र मोहम्मद अयान अस्पताल परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान वहां रखा ऑक्सीजन सिलेंडर अचानक बच्चे के ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और ऑक्सीजन सिलेंडरों को असुरक्षित तरीके से रखा गया था। साथ ही परिसर में खुले बिजली के तार और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।



