उत्तराखंड

लक्सर में फिल्मी ड्रामा! बारात निकलने से पहले थाने पहुंची प्रेमिका, बोली- निकाह तो मुझसे ही होगा

6 साल के अफेयर के बाद किसी और से निकाह करने जा रहा था प्रेमी, बारात निकलने से पहले थाने पहुंची प्रेमिका

प्रेमी के किसी दूसरी युवती से निकाह करने की भनक लगते ही प्रेमिका का पारा चढ़ गया और वो पुलिस थाने पहुंच गई.

लक्सर: हरिद्वार के लक्सर में निकाह का वादा करने वाला प्रेमी जब किसी दूसरी युवती से निकाह की तैयारी में था, ऐन वक्त में प्रेमिका ने मोर्चा खोल दिया. प्रेमी की बारात निकलने से ठीक पहले युवती पुलिस चौकी जा पहुंची और तहरीर देकर न्याय व कार्रवाई की गुहार लगाई. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बता दें लक्सर कोतवाली के अंतर्गत सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है. युवती के मुताबिक भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ साल 2020 से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच करीब छह साल से प्रेम संबंध थे, युवती का आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का वादा किया था. इसी भरोसे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.

युवती का कहना है कि पिछले तीन महीने से प्रेमी के व्यवहार में बदलाव आने लगा था. वह निकाह की बात पर लगातार टालमटोल कर रहा था, जबकि दूसरी ओर उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाता रहता था। युवती के अनुसार एक दिन पूर्व भी युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाने की बात कही थी. इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि उसका प्रेमी 24 नवंबर को दूसरी युवती के साथ निकाह करने जा रहा है. यह खबर सुनते ही युवती के होश उड़ गए.

जिस युवक के साथ उसने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, वही अब किसी दूसरी युवती को अपनी दुल्हन बनाने की तैयारी में था. इसके बाद युवती सीधे सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और युवक पर निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंप दी. युवती अपनी मांग पर अड़ी रही और प्रेमी से ही निकाह करने की बात कही. बताया जा रहा है कि लोगों ने उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रही.

युवती की ओर से तहरीर दी गई है, मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

-वीरेंद्र सिंह नेगी, सुल्तानपुर चौकी प्रभारी-

उधर, पुलिस ने मामले में युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह खुद चौकी नहीं पहुंचा. बताया गया कि उसकी जगह कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे. प्रेमी की बारात निकलने से ठीक पहले प्रेमिका के पुलिस चौकी पहुंचने से दोनों पक्षों में हलचल मच गई. मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, यह पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button