देहरादून में स्कूल बसों पर सख्त चेकिंग! बिना हेल्पर, बिना CCTV मिली तो होगा चालान

स्कूल बसों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं! GPS, CCTV की निगरानी, फायर सेफ्टी भी जरूरी
school buses Checking:स्कूल बसों में सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त हो गया है. इसके लिए अब चेकिंग अभियान तेज हो गया है.
देहरादून: उत्तराखंड में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब एक्शन मोड में है. प्रदेश के सभी जिलों में परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीमों की ओर से स्कूल बसों और वैन की सघन जांच की जा रही है. अभियान के तहत खासतौर पर सुबह स्कूल खुलने और दोपहर में छुट्टी के समय सड़कों पर चलने वाले स्कूली वाहनों पर नजर रखी जा रही है. राजधानी देहरादून में भी परिवहन विभाग की टीमें अलग-अलग मार्गों पर पहुंचकर स्कूल बसों और वैन की जांच कर रही है.
देहरादून की आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला ने बताया प्रदेशभर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है. देहरादून में उन प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां सुबह और दोपहर के समय बड़ी संख्या में स्कूली वाहन आते-जाते हैं. जांच के दौरान केवल वाहनों के कागजात ही नहीं देखे जा रहे, बल्कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है. इसमें वाहन के वैध दस्तावेज, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन में मौजूद सुरक्षा उपकरणों की जांच शामिल है.
स्कूल बसों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं!
परिवहन विभाग की जांच में इस बात पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है कि स्कूली वाहन में चालक के साथ सहायक यानी हेल्पर मौजूद है या नहीं? इसके अलावा जिन बसों और वैन में छात्राएं सफर करती हैं, उनमें महिला अटेंडेंट की मौजूदगी भी अनिवार्य है. विभाग की ओर से इस नियम का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए तय सभी व्यवस्थाएं होनी जरूरी हैं. किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित वाहन संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. स्कूली वाहनों में सुरक्षा उपकरणों को लेकर भी परिवहन विभाग ने जांच तेज कर दी है. हर वाहन में फर्स्ट एड किट और अग्निशमन यंत्र यानी फायर एक्सटिंग्विशर होना जरूरी है. इसके साथ ही वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे भी लगे होने चाहिए.
जांच के दौरान इन उपकरणों की मौजूदगी के साथ यह भी देखा जा रहा है कि वे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं? वहीं, वर्ष 2023 के बाद पंजीकृत स्कूली वाहनों में फायर डिटेक्शन सिस्टम की भी जांच की जा रही है. इसका मकसद किसी भी आपात स्थिति में समय रहते आग का पता लगाना और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला ने साफ किया कि अभियान के दौरान जिन स्कूली वाहनों में नियमों का उल्लंघन या सुरक्षा मानकों में कमी पाई जा रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. परिवहन विभाग की कोशिश है कि स्कूल संचालक और वाहन मालिक बच्चों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरतें. इसके लिए चेकिंग अभियान को स्कूलों के खुलने और छुट्टी होने के समय केंद्रित किया गया है.
परिवहन विभाग ने इस अभियान को केवल चेकिंग और चालान तक सीमित न रखने का फैसला किया है. विभाग की ओर से प्रदेश के स्कूलों को पत्र भेजकर रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चलाने का अनुरोध किया जाएगा. इन क्लबों के जरिए विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित सफर की जानकारी दी जाएगी. साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा. जिससे वे अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहन की सुरक्षा और जरूरी मानकों का ध्यान रखें.


