
देहरादून। शहर में ब्रिटिशकालीन नामों को बदलकर भारतीय संस्कृति और सैन्य परंपरा से जुड़े नाम रखने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गढ़ी कैंट बोर्ड की बैठक में कई प्रमुख सड़कों और क्षेत्रों के नाम बदलने का प्रस्ताव पारित किया गया है। यह प्रस्ताव जल्द ही मध्य कमान को भेजा जाएगा। रक्षा मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद नए नाम आधिकारिक रूप से लागू हो जाएंगे।
प्रस्तावित नए नाम (गढ़ी कैंट क्षेत्र)
मालरोड → द्रोणाचार्य मार्ग
यंग रोड → मेजर सोमनाथ मार्ग
बीचर रोड → मेजर धन सिंह थापा मार्ग
शेक्सपीयर रोड → एन.के. भवानी मार्ग
मैकफेरसन रोड → मेजर धन सिंह थापा मार्ग
मेसीनटायर रोड → मेजर सोमनाथ मार्ग
न्यू कैंट रोड → नाम यथावत रहेगा
विंगों के नए प्रस्तावित नाम
विंग नंबर 1 → लाजपत नगर
विंग नंबर 2 → तिलक नगर
विंग नंबर 3 → भगत नगर
विंग नंबर 4 → अंबेडकर नगर
विंग नंबर 5 → अटल नगर
विंग नंबर 6 → पटेल नगर
विंग नंबर 7 → सरोजनी नगर
स्पेशल विंग → विवेकानंद नगर
जनरल विंग → सोमनाथ नगर
स्मिथ नगर → जसवंत नगर
नामित सदस्य विनोद पंवार ने बताया कि बोर्ड से पारित प्रस्ताव मध्य कमान को भेजा जाएगा। रक्षा मंत्रालय की स्वीकृति के बाद नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होगी।
क्लेमनटाउन का नाम होगा “शौर्य नगर”
क्लेमनटाउन कैंट बोर्ड की बैठक में क्षेत्र का नाम बदलकर शौर्य नगर रखने पर सहमति बनी है। प्रस्ताव मध्य कमान को भेज दिया गया है।
बैठक में तीन नाम सुझाए गए थे—
शिवालिक नगर
दून वैली
शौर्य नगर
अंततः “शौर्य नगर” नाम पर सहमति बनी। नामित सदस्य भूपेंद्र कंडारी ने बताया कि केंद्र सरकार की मुहर लगने के बाद क्लेमनटाउन का नाम आधिकारिक रूप से बदल दिया जाएगा।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
क्लेमनटाउन का नाम फादर आर.सी. क्लेमेन्ट के नाम पर पड़ा था, जो 1934 में यहां बसे थे। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यहां इतालवी युद्ध बंदियों का शिविर स्थापित किया गया था। 1941 में इसे छावनी बोर्ड के अंतर्गत लाया गया था।



